Bihar

बांकीपुर उपचुनाव में खेसारी ने RJD को दिया झटका, प्रशांत किशोर का किया समर्थन

पटना: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के बीच बिहार के सियासी गलियारे से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। भोजपुरी सुपर स्टार खेसारी लाल यादव ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) को बड़ा झटका देते हुए जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर का खुला समर्थन कर दिया है। पटना पहुंचे खेसारी लाल यादव ने प्रशांत किशोर की जमकर तारीफ की और उन्हें बिहार के भविष्य के लिए एक बेहतर विकल्प बताया।

खेसारी बोले- प्रशांत भैया के पास बिहार के लिए मैप है

खेसारी लाल यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रशांत किशोर पढ़े-लिखे इंसान हैं और उनके पास बिहार के विकास और बच्चों के भविष्य के लिए एक स्पष्ट विज़न (मैप) है। उन्होंने कहा, “मैं एक कलाकार के तौर पर अपनी लोकप्रियता के दम पर नेता तो बन सकता हूं, लेकिन मेरे पास विकास का कोई मैप नहीं है क्योंकि मैं पढ़ा-लिखा नहीं हूं। हमें सदन में ऐसे पढ़े-लिखे लोगों को भेजना चाहिए जो रोजी-रोजगार और बच्चों की लड़ाई लड़ सकें।”

स्मार्ट लोग चुनेंगे, तभी स्मार्ट सिटी बनेगी

पटना की बदहाली और गंदगी के सवाल पर खेसारी ने तंज कसते हुए कहा कि जिस दिन जनता स्मार्ट लोगों को चुनना शुरू कर देगी, उस दिन शहर अपने आप स्मार्ट सिटी बन जाएगा। उन्होंने बांकीपुर की जनता से अपील की कि इस बार किसी पार्टी को नहीं, बल्कि एक बेहतर इंसान को मौका देकर देखें।

RJD उम्मीदवार को छोड़ PK पर क्यों बरसा प्यार?

खेसारी लाल यादव का यह बयान बेहद चौंकाने वाला माना जा रहा है, क्योंकि बांकीपुर उपचुनाव में RJD की ओर से रेखा गुप्ता मैदान में हैं और खेसारी को लालू-तेजस्वी का करीबी माना जाता रहा है। पिछले चुनावों में वे RJD के लिए प्रचार भी कर चुके हैं। ऐसे में RJD प्रत्याशी को छोड़कर प्रशांत किशोर की तारीफ करने के बाद बिहार की राजनीति में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, बातचीत के दौरान खेसारी ने लालू प्रसाद यादव के अच्छे स्वास्थ्य की कामना भी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *