Bihar

बंटी यादव के घर पहुंचे खेसारी लाल, बोले पूरे समाज को मिलकर लड़नी होगी यह लड़ाई

पटना: पटना में हुए चर्चित बंटी यादव हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मिलने भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव उनके घर पहुंचे। इस दौरान खेसारी ने शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी और बंटी यादव के बच्चों के भविष्य तथा पढ़ाई-लिखाई के लिए नकद राशि देकर बड़ी आर्थिक मदद की।

सिर्फ निंदा न करें, आगे आकर मदद करें कलाकार

खेसारी लाल यादव ने बंटी यादव की मां और पत्नी से मुलाकात की और बच्चों को गले लगाया। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने भोजपुरी इंडस्ट्री के कलाकारों और नेताओं से भावुक अपील की। खेसारी ने कहा, “समाज ने कलाकारों और नेताओं को बहुत कुछ दिया है। इसलिए दुख की इस घड़ी में सिर्फ सोशल मीडिया पर निंदा करने के बजाय पीड़ित परिवार के घर आकर उनकी वास्तविक मदद करें।”

पूरे समाज को मिलकर लड़नी होगी यह लड़ाई

खेसारी ने समाज के लोगों को एकजुट होने का आह्वान करते हुए कहा कि बंटी यादव को न्याय दिलाने की लड़ाई पूरे समाज की है। जब तक हम सब एक साथ खड़े नहीं होंगे, तब तक सोई हुई सरकार और प्रशासन को होश नहीं आएगा। उन्होंने सरकार से मांग की कि इस जघन्य वारदात को अंजाम देने वाले दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई मां अपना बेटा और कोई बच्चा अपना पिता न खोए।

प्रशासन पर बढ़ेगा दबाव

गौरतलब है कि बंटी यादव हत्याकांड को लेकर इलाके में भारी आक्रोश है। खेसारी लाल यादव से पहले सांसद पप्पू यादव और जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंच चुके हैं। अब भोजपुरी के सबसे बड़े स्टार्स में शामिल खेसारी लाल यादव के यहां पहुंचने के बाद पुलिस प्रशासन पर दोषियों की जल्द गिरफ्तारी का दबाव और बढ़ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *