Bihar

संजय सिंह से किनारा: चिराग पासवान बोले– आरोप सही निकले तो पार्टी से बाहर करेंगे

बिहार सरकार के मंत्री संजय सिंह की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं। दिल्ली के एक होटल में महिला के साथ छेड़छाड़ से जुड़े मामले में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कड़ा रुख अपनाया है। चिराग पासवान ने साफ कर दिया है कि अगर ये गंभीर आरोप साबित होते हैं, तो वे अपनी पार्टी के मंत्री को किसी भी सूरत में बख्शेंगे नहीं और सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें बाहर का रास्ता दिखा देंगे।

सफाई देकर फंसे मंत्री संजय सिंह

मामले में दिलचस्प मोड़ तब आया जब मीडिया में बिना नाम लिए इस घटना की चर्चा चल रही थी। उस वक्त तक किसी भी पत्रकार या मीडिया हाउस ने खुलकर नाम नहीं लिया था। लेकिन मंत्री संजय सिंह ने खुद सामने आकर इस मामले पर सफाई दी और कहा कि अगर आरोप सिद्ध होते हैं तो वे राजनीति छोड़ देंगे। संजय सिंह की इस सफाई के बाद मामला शांत होने के बजाय और ज्यादा गहरा गया और उनकी मुश्किलें बढ़ गईं।

तेज प्रताप यादव ने खोला मोर्चा

संजय सिंह की सफाई के बाद पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने इस मुद्दे को लेकर हमला तेज कर दिया। तेज प्रताप यादव ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए दावा किया कि उनके पास इस घटना से जुड़े फोटो और वीडियो सबूत मौजूद हैं। इसके जवाब में संजय सिंह की ओर से तेज प्रताप यादव को 50 करोड़ रुपये का मानहानि का नोटिस भी भेजा गया है।

चिराग पासवान की सख्त चेतावनी

चिराग पासवान ने इस पूरे घटनाक्रम पर नाराजगी जाहिर करते हुए मंत्री संजय सिंह से जवाब-तलब किया है। चिराग ने स्पष्ट कहा कि उनकी पार्टी या परिवार का कोई भी सदस्य अगर ऐसे गलत काम में शामिल पाया जाएगा, तो उसे तुरंत बाहर निकाला जाएगा। उन्होंने दिल्ली के उस होटल प्रशासन और पीड़िता से भी सामने आकर अपनी बात रखने का आग्रह किया है ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *