Bihar

BJP को अलविदा कह नीरज शर्मा ने थामा चिराग पासवान का हाथ, लोजपा (रामविलास) में हुए शामिल

Vaishali: बिहार की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाने की दिशा में सक्रिय युवा नेता नीरज शर्मा और सचिन शर्मा ने भारतीय जनता पार्टी से इस्तीफा देकर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) का दामन थाम लिया है। मंगलवार को उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री श्री चिराग पासवान से मुलाकात कर उनके नेतृत्व में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर चिराग पासवान ने स्वयं बुके भेंट कर दोनों लोगों का पार्टी में स्वागत किया और उन्हें नई राजनीतिक पारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

वैशाली जिले से आने वाले नीरज शर्मा पिछले दस वर्षों से राजनीति एवं सार्वजनिक जीवन में सक्रिय हैं। भारतीय जनता पार्टी में अपने राजनीतिक सफर के दौरान उन्होंने जिला से लेकर प्रदेश स्तर तक कई महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारियां निभाईं। वे भाजपा के वैशाली जिला मीडिया प्रभारी रहे। इसके बाद भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता तथा भाजपा खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रवक्ता के रूप में भी अपनी जिम्मेदारी निभाई। इसके अतिरिक्त उन्होंने सहकार भारती के वैशाली जिला अध्यक्ष एवं कई विधानसभा प्रभारी के रूप में भी संगठनात्मक कार्यों में अपना योगदान दिया।

नीरज शर्मा का राजनीतिक एवं संगठनात्मक अनुभव केवल बिहार तक सीमित नहीं रहा है। पार्टी के निर्देश पर उन्हें दिल्ली, हैदराबाद, केरल, मध्य प्रदेश सहित देश के कई राज्यों में चुनाव प्रचार एवं संगठनात्मक गतिविधियों में काम करने का अवसर मिला। विभिन्न राज्यों में विधानसभा प्रभारी के रूप में उन्होंने चुनावी अभियान, जनसंपर्क, संगठनात्मक समन्वय और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर काम करने का अनुभव हासिल किया।

दस वर्षों के इस राजनीतिक सफर के बाद नीरज शर्मा का लोजपा (रामविलास) से जुड़ना उनके सार्वजनिक जीवन की नई शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री चिराग पासवान जी की युवा सोच, दूरदर्शी नेतृत्व और बिहार के विकास को लेकर उनकी प्रतिबद्धता से प्रभावित होकर उन्होंने यह निर्णय लिया है।

उन्होंने कहा कि राजनीति उनके लिए केवल पद और प्रतिष्ठा का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। पिछले दस वर्षों में संगठन के भीतर जो अनुभव और सीख मिली है, उसे अब लोजपा (रामविलास) के संगठनात्मक विस्तार और जनहित के कार्यों में लगाने का प्रयास करेंगे।

नीरज शर्मा ने कहा कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के नेतृत्व में पार्टी को मजबूत करने, युवाओं को संगठन से जोड़ने तथा आम जनता की समस्याओं और अपेक्षाओं को पार्टी के मंच तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *